नई दिल्ली . दक्षिणी दिल्ली के सांसद रमेश बिधूड़ी ने दिल्ली में हो रही राशन की बर्बादी व राशन घोटाले को लेकर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के खिलाफ पिछले कई दिनों से मोर्चा खोला हुआ है। इसी को लेकर आज सांसद रमेश बिधूड़ी और दिल्ली भाजपा प्रवक्ता विक्रम बिधूड़ी ने महरौली, तुग़लकाबाद , कालकाजी में जोरदार प्रदर्शन व पुतला दहन किया।
आपको बताते चलें कि दक्षिणी दिल्ली के कई स्कूलों में गरीबों को बांटने के लिए रखा गया अनाज लापरवाही व बेकद्री के कारण सड़ गया । वहीं दिल्ली में अनाज की कमी के कारण लाखों लोग प्रभावित हुए हैं। केंद्र सरकार ने भी दिल्ली सरकार को गरीबों को वितरित करने के लिए बड़ी मात्रा में राशन उपलब्ध करवाया था। इससे पहले भी सांसद रमेश बिधूड़ी अपने संसदीय क्षेत्र में स्थित मोलरबंद स्कूल में जाकर सड़ रहे राशन का खुलासा कर चुके हैं। दक्षिणी दिल्ली भाजपा की तरफ से राशन की बर्बादी के खिलाफ क्षेत्र के 8 स्कूलों के बाहर प्रदर्शन किया गया। इस मौके पर मीडिया को संबोधित करते हुए रमेश बिधूड़ी ने बताया कि दिल्ली सरकार की लापरवाही के कारण 200 करोड़ का अनाज सड़ गया। केजरीवाल गरीबों के मुंह का निवाला छीन कर शराब माफियाओं को अनाज उपलब्ध करवाना चाहते हैं। रमेश बिधूड़ी ने कहा कि दिल्ली में लंबे अर्से से राशन घोटाला हो रहा है। इस घोटाले में क्षेत्र के स्थानीय विधायक, सरकार के मंत्री व अधिकारी पूरी तरीके से लिप्त है। अगर दिल्ली सरकार लोगों को राशन उपलब्ध करवा देती तो इतनी बड़ी मात्रा में राशन खराब नहीं होता। राशन में हुए इस भ्रष्टाचार की जांच सीबीआई से हो। इस मौके पर महरौली से विधायक नरेश यादव, कालकाजी की विधायक आतिशी व अरविंद केजरीवाल का सांसद रमेश बिधूड़ी व भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुतला फूंका। इसको लेकर दिल्ली प्रदेश भाजपा के प्रवक्ता विक्रम बिधूड़ी ने कहा कि केजरीवाल सरकार की लापरवाही के कारण गरीब लोगों का राशन गोदामों में सड़ गया। इसके लिए अरविंद केजरीवाल को दिल्ली की जनता से माफी मांगनी होगी। जिन अधिकारियों के कारण अनाज की बर्बादी हुई उन सभी अधिकारियों को सस्पेंड किया जाए। अरविंद केजरीवाल गरीब लोगों को राशन उपलब्ध नहीं करवा सकते तो इस्तीफा दे। इस अवसर महरौली भाजपा अध्यक्ष जगमोहन मेहलावत, व भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।